रांची- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर हजारीबाग के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में एक बच्ची की दरिंदगी के साथ हत्या के मामले को लेकर ज्ञापन सौंपा. उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की.
अंबा प्रसाद ने ज्ञापन में कहा कि विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या 42/2026 में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आम जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा कमजोर होता जा रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि हजारीबाग पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में पूरी तरह विफल रही है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है. इसके साथ ही उन्होंने हजारीबाग के एसपी, विष्णुगढ़ के डीएसपी तथा थाना प्रभारी को हटाने की भी मांग की है.
