यूपीएससी सिविल सर्विसेज़ 2025 का परिणाम घोषित हो गया है. राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है.
उन्होंने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था.
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “मैंने 2022 में अपनी इंटर्नशिप के दौरान ही तैयारी शुरू कर दी थी. इसके बाद 2023 में पहली बार परीक्षा दी. पहले ही अटेम्प्ट में डैनिक्स (दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा) के लिए चयन हुआ था.”
उन्होंने आगे कहा, “यूपीएससी की तैयारी में बहुत मेहनत लगती है. यह सफ़र कठिन होता है, लेकिन आख़िर में रिज़ल्ट अच्छा आता है, तो सब कुछ अच्छा लगता है.”
गौरतलब है कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 958 उम्मीदवार अलग-अलग सर्विसेज़ के लिए क्वालिफाई हुए हैं.
कौन हैं अनुज
चित्तौड़गढ़ जिले के अनु नगरी रावतभाटा के रहने वाले डॉ अनुज अग्निहोत्री ने अपनी प्राइमरी स्कूलिंग वहीं पूरी की और फिर उच्च शिक्षा के लिए जोधपुर चले गए. उन्होंने ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज जोधपुर (AIIMS जोधपुर) MBBS की पढ़ाई की. 2023 में एमबीबीएस करने के बाद उन्होंने यूपीएससी का एग्जाम दिया और दिल्ली और केंद्र शासित प्रदेश में उपखंड अधिकारी के पद पर नियुक्ति मिली. इसके बाद भी उन्होंने प्रयास जारी रखें और इस बार उन्होंने टॉप किया है.
