दिल्ली में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर मंगलवार को असम पुलिस ने छापा मारा. पवन खेड़ा इस समय घर पर मौजूद नहीं थे.
इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिसवा सरमा ने दावा किया कि पवन खेड़ा हैदराबाद भाग गए हैं.
दो दिन पहले खेड़ा ने असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर तीन पासपोर्ट रखने का आरोप लगाया था. इसके बाद सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी ने एफ़आईआर दर्ज की थी.
पवन खेड़ा के घर पुलिस पहुंचने पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है, “पवन खेड़ा घर से भाग गए. कल तक कह रहे थे कि मुझे गिरफ़्तार करो. अब पुलिस उनके घर पहुंची है तो वो हैदराबाद भाग गए.”
इससे पहले सोमवार को हिमंत बिस्वा ने कहा, “मेरी पत्नी ने एफ़आईआर दर्ज कराई है. मुझे यक़ीन है कि पुलिस क़ानून की सही धाराओं में केस दर्ज करेगी और ज़रूरी कार्रवाई करेगी.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक असम पुलिस की एक टीम कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के निवास पर पहुंची. असम पुलिस के एसीपी देबोजित नाथ ने कहा, “गुवाहाटी के क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया है. इसी मामले में पवन खेड़ा की तलाशी में यहां पहुंचे हैं, लेकिन वे नहीं मिले. खेड़ा केघर की तलाशी ली गई है. हमें कुछ आपराधिक सामग्री मिली, जिसे इस चरण पर प्रकट नहीं किया जा सकता. इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए गए हैं. वर्तमान में खेड़ा अज्ञात ठिकाने पर हैं, पर उन्हें ढूंढा जाएगा.”
दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “एफ़आईआर करने दो, कौन डरता है. जो होगा, हम उसका सामना करेंगे.”
उन्होंने कहा, “हमने गिरफ़्तार करने वाले बहुत देखे हैं. हम ईडी, सीबीआई से नहीं डरे, गिरफ्तारी से क्या डरेंगे.”
