रांचीः भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अविनाश कुमार झारखंड के नये मुख्य नियुक्त किए गए हैं. वे 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं.
30 सितंबर को अलका तिवारी के रिटायर होने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी दी गयी है.
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी गयी है.
अभी ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत अविनाश कुमार मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड, प्रबंध निदेशक झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड तथा मुख्य स्थानिक आयुक्त, झारखंड भवन नई दिल्ली का दायित्व भी संभाल रहे थे.
जारी अधिसूचना के मुताबिक, मुख्य सचिव बनने के बाद भी वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एवं मुख्य स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार देखते रहेंगे.
सरकार ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया है.
अजय कुमार सिंह झारखंड कैडर-1995 बैच के अधिकारी हैं.
गौरतलब है कि पिछले साल 28 नवंबर को अविनाश कुमार सिंह को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अपर मुख्य सचिव बनाया गया था.
वे झारखंड सरकार में विभिन्न विभागों के सचिव के अलावा अन्य कई महत्वपूर्ण पदों को संभाल चुके हैं. उन्हें एक अनुभवी अधिकारी के तौर पर देखा जाता है.
