रांचीः भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में कोयले के हो रहे अवैध कोयले के कारोबार में दो लोगों के नाम की चर्चा के साथ सरकार पर सवाल खड़े किए हैं.
उन्होंने कहा है कि रांची में अवैध कोयला व्यापारियों की कथा चर्चा में है. मोरहाबादी इलाके में एक होटल के बाहर सड़कों पर अक्सर खड़ी रहने वाली मनोज बाबू की बीएमडब्ल्यू कार की लोगों के बीच खूब चर्चा है.
उन्होंने आरोप लगाया है कि होटल के भीतर करोड़ों के टर्नओवर वाले कारोबारी कतार में बैठकर चाय-कॉफी पीते रहते हैं. बाहर से देखने पर यह सब किसी कार्पोरेट मीटिंग जैसा लगता है, लेकिन हकीकत को जानने वाले कहते हैं कि यह कोयला कारोबार, रैक लोडिंग और रेट फिक्सिंग का असली ‘काला खेल’ है. इस खेल के “खिलाड़ियों के खिलाड़ी” हैं- किशन जी और मनोज साहब.
मरांडी ने आरोप लगाया है कि एक तरफ मनोज जिले-जिले में एजेंट तैनात करके करोड़ों की कथित वसूली करा रहे हैं, तो दूसरी ओर किशन साहेब के लिए दिल्ली से लेकर झारखंड तक ‘हर तरह के इंतजाम’ करने का जिम्मा संभाले हुए हैं.
मरांडी ने सीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा है क समाचार माध्यमों एवं अन्य सूत्रों से “गैंग्स ऑफ कोयला चोरों एवं इनके हिस्सेदार आकाओं” के काले कारनामों की जो जानकारी हम तक पहुंच रही है, वैसे ही आप तक भी इनके कारनामों की जानकारी पहुंच ही रही होगी.
