रांची: झारखंड में बरही विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक उमाशंकर अपने समर्थकों के साथ फिर से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए.
अकेला के अलावा पलामू जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव ने भी गुरुवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने दोनों नेताओं और उनके समर्थकों को की सदस्यता दिलाई.
कांग्रेस भवन, रांची में आयोजित पुनर्मिलन समारोह में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव भी मौजूद थे. दोनों नेताओं ने कहा है कि अकेले के आने से संगठन को मजबूती मिलेगी.
उमाशंकर अकेला कांग्रेस के टिकट पर 2019 का चुनाव जीते थे. लेकिन 2024 के चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काटकर अरूण साव को मैदान में उतारा था. इसके बाद अकेला सपा के टिकट से चुनाव लड़े. बरही में बीजेपी के मनोज यादव की जीत हुई. अरूण साव दूसरे और अकेला तीसरे नंबर पर रहे.
चुनाव हारने के बाद अकेला लगातार प्रदेश कांग्रेस नेताओं के संपर्क में थे और पार्टी में वापसी की जुगाड़ बैठा रहे थे. आखिरकार उन्हें सफलता मिली.
गौरतलब है कि चुनाव के वक्त उन्होंने कांग्रेस पर दो करोड़ में टिकट बेचने का कथित आरोप भी लगाया था.
अकेला ने कांग्रेस पार्टी में दोबारा शामिल होने के साथ कहा कि हो सकता है कि 2024 में टिकट न मिलने के कारण उन्होंने गुस्से में कुछ बयान दिए हों, लेकिन उनमें कोई सच्चाई नहीं है.
