पटनाः बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा जल्दी हो सकती है. छठ के ठीक बाद चुनाव संभावित है. चुनावी तारीख नजदीक आने के साथ ही एनडीए में सीट शेयरिंग की कवायद तेज हुई है.
इसी सिलसिले में रविवार को चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान पटना में जदयू नेता व केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात की.
इसके बाद वे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के आवास पर पहुंचे, जहां उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े भी उनके साथ थे.
शाम में उपेंद्र कुशवाहा के साथ मुलाकात और बात हुई. माना जा रहा है कि सभी घटक दलों का मन मिजाज टटोलने के बाद वे नेतृत्व को स्थिति से अवगत करायेंगे, ताकि एनडीए के भीतर सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो सके.
बीजेपी की समीक्षा बैठकें
धर्मेंद्र प्रधान ने दो दिनों तक बीजेपी की अंदरूनी चुनावी बैठकों में हिस्सा लिया, जहां उम्मीदवारों और मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन पर गहन मंथन किया गया. पार्टी के रणनीतिकार हर एक विधायक की जमीनी पैठ और जीतने की संभावना पर विचार मंथन कर रही है. पार्टी की नजर उन उम्मीदवारों पर भी है, जो रेस में दमदार हो सकते हैं. कई विधायकों के टिकट कटने की संभावना से भी इनकार हीं किया जा रहा.
