बिहार में नालंदा ज़िले के शीतला मंदिर में मंगलवार को अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं.
नालंदा के पास दीपनगर थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर परिसर में चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी.
समाचार एजेंसी एएनआई ने घटनास्थल का वीडियो जारी किया है जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं दिखाई दे रही हैं और घायलों को एंबुलेंस ले जाती हुई दिखाई दे रही है.
चश्मदीदों के मुताबिक पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिससे अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
डॉ बिस्वजीत के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है.
इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर दुख जाहिर करते हुए आपदा प्रबंधन विभाग से मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये, कुल 6 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है.
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख मुआवजे की घोषणा की है. इसके साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता की घोषणा की गई है.
