बिहार विधानसभा चुनाव में प्रंचड जीत के बाद नयी सरकार गठन को लेकर एनडीए की कवायद तेज हो गयी है. इन सबके बीच एक बात साफ हो गयी है कि मुख्यमत्री नीतीश कुमार ही होंगे.
इसके साथ ही मंत्री पद के बंटवारे को लेकर फार्मूला भी लगभग तय कर लिया गया है. फिलहाल इसके पत्ते नहीं खोले गये हैं. बीस नवंबर को शपथ ग्रहण समारोह होगा.
बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया है कि 20 नवंबर को गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा.
उन्होंने बताया, “कल (बुधवार को) बीजेपी विधायक दल की बैठक है, जिसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी और 20 नवंबर को शपथ ग्रहण समारोह गांधी मैदान में होगा.”
“इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के सभी वरिष्ठ नेता और अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है.”
वहीं मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गांधी मैदान पहुंचे और उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायज़ा लिया.
मौर्य केंद्रीय पर्यवेक्षक
इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय बोर्ड ने बुधवार को होने वाली पार्टी की बिहार इकाई के विधायक दल की बैठक के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया.
पार्टी ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है.
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी है.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही पद पर बने रहेंगे.
नीतीश ही होंगे मुख्यमंत्री
बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “हर पार्टी की अपनी प्रक्रिया होती है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) भी बिहार के मुख्यमंत्री के चयन को लेकर बैठकें करेगा.”
दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फ़ेयर (आईआईटीएफ़) में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “पता नहीं यह क्यों भ्रम है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़े. आगे भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे, लेकिन उसकी प्रक्रिया है.”
बैठक भाजपा प्रदेश मुख्यालय स्थित अटल सभागार में होगी, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल करेंगे. बैठक के बाद भाजपा विधायक दल के नेता और उपनेता के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी.
केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतनराम मांझी ने कहा है कि एनडीए में मंत्री पद के बंटवारे पर सहमति बन गई है और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे.
समाचार एजेंसी पीटीआई से जीतनराम मांझी ने कहा, “सब कुछ तय हो चुका है. आपस में बातचीत हुई है. बीजेपी को 89 सीटें आई हैं और जेडीयू को 85, इसी अनुपात में मंत्री पद भी बांटा गया है. नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री होंगे.”
बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए हाल ही में हुए चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 202 सीट जीतकर बहुमत हासिल किया है, जिनमें भाजपा 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. जदयू ने 85 सीटों पर जीत दर्ज की है.
