पटनाः बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में हुई दुलारचंद की हत्या के आरोप में बाहुबली अनंत सिंह को गिरफ़्तार कर लिया गया है. पटना पुलिस ने शनिवार देर रात यह कार्रवाई की है.
अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार हैं.
अनंत सिंह की गिरफ़्तारी के संबंध में पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने मीडिया को बताया,
“घटनास्थल की जांच के सिलसिले में गवाहों के बयान लिए गए और घटनास्थल से जो वीडियो फुटेज मिले, उसकी जांच की गई. इस मामले में जो सबूत मिले हैं उसके आधार पर अनंत सिंह को बाढ़ इलाक़े के बेढना गांव से गिरफ़्तार किया गया है.”
कार्तिकेय शर्मा ने बताया, “जांच में पता चला है कि जिस वक़्त ये घटना हुई, उस वक़्त अनंत सिंह घटनास्थल पर मौजूद थे, जो इस हत्या के मुख्य अभियुक्त भी हैं. उनके अलावा मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम नाम के दो अन्य लोगों को भी गिरफ़्तार किया गया है. ये दोनों भी घटनास्थल पर मौजूद थे.”
दुलारचंद की हत्या 30 अक्तूबर को हुई थी, जिसके बाद पूरे इलाक़े में तनाव फैला हुआ था.
इस हत्या के ख़िलाफ़ घोसवरी थाने में अनंत सिंह समेत पांच लोगों के ख़िलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
दुलार चंद यादव मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी पीयुष प्रियदर्शी का समर्थन कर रहे थे. दुलार चंद कभा राजद के नेता थे और ललू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते थे.
अनंत सिंह के गढ़ माने जाने वाले मोकामा में आरजेडी ने बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को मैदान में उतारा है.
2020 का चुनाव अनंत सिंह की पत्नी ने राजद के टिकट से जीता था. चुनाव जीतने के बाद वे जदयू खेमे में चली गई थीं.
दुलारचंद की हत्या के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे. इस मामले में विपक्ष ने एनडीए को निशाने पर ले रखा है.
उधर मोकामा में भी टसल की राजनीति तेज होती दिख रही है.
