बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 6 नवंबर को 18 ज़िलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है.
पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. इन 121 सीटों के लिए कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं.
इस चरण में पटना, मुज़फ़्फ़रपुर, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, शेख़पुरा, नालंदा, बक्सर और भोजपुर ज़िलों में वोटिंग हो रही है.
बिहार की सियासत के ज़्यादातर बड़े चेहरों की सीटें पहले चरण की वोटिंग में ही शामिल हैं.
खास बात यह है कि पहले चरण में नीतीश कुमार सरकार के 14 मंत्री भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं. इनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, मंगल पांडे, नितिन नवीन, जीवेश मिश्रा, संजय सरावगी और सुनील कुमार, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, मदन सहनी और महेश्वर हजारी शामिल हैं,
दूसरी तरफ राघोपुर से आरजेडी नेता और महागठबंधन में सीएम का चेहरा तेजस्वी यादव के भाग्य का फैसला इसी चरण में होना है.
तेजस्वी राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं और उनके सामने बीजेपी के सतीश कुमार सिंह हैं. तेजस्वी यादव इस सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं.
नीतीश कुमार की सरकार में बीजेपी के कोटे से उपमुख्यमंत्री बनाए गए सम्राट चौधरी तारापुर से पार्टी के उम्मीदवार हैं. वो इस सीट से पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं.
माना जाता है कि अगर सम्राट चौधरी चुनाव जीतने में कामयाब रहे तो पार्टी में उनकी हैसियत बढ़ सकती है.
इस सीट से आरजेडी के अरुण कुमार से उनका सीधा मुक़ाबला हो सकता है. साल 2021 में हुए उपचुनाव में अरुण कुमार 4 हज़ार से भी कम वोटों से जेडीयू के राजीव कुमार सिंह से हार गए थे.
आरजेडी से बाहर किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी बना ली है. उनकी पार्टी का नाम ‘जनशक्ति जनता दल’ है.
आरजेडी के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.
उनके सामने मुकेश रौशन आरजेडी के उम्मीदवार हैं, जो पिछली बार इस सीट से जीते थे.
नीतीश सरकार में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. वो लगातार चौथी बार इस सीट से चुनावी मैदान में हैं.
विजय कुमार राज्य में बीजेपी के बड़े चेहरों में शामिल हैं.
इसके अलावा, इस चरण में बिहार के कई चर्चित चेहरे भी मैदान में हैं, जिनमें लोकगायिका मैथिली ठाकुर, खेसारी लाल यादव, पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा और सीवान के बाहुबली पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसाम शहाब, मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला भी चुनाव लड़ रहे हैं.
इसी चरण में मोकामा से बाहुबली अनंत सिंह के भाग्य का फैसला होना है. दुलार चंद यादव की हत्या के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया है. अभी वे जेल में बंद हैं.
दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा और उसके बाद मतगणना 14 नवंबर को होगी.
