रांची: उलगुलान के महानयक बिरसा मुंडी की 150वीं जयंती पर उन्हें शिद्दत से याद किया जा रहा है. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को रांची में बिरसा मुंडा की समाधि स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की.
झारखंड के लिए 15 नवंबर की तारीख ऐतिहासिक है. 15 नवंबर 2000 को झारखंड अलग राज्य का गठन हुआ था. झारखंड अपनी स्थापना का 25वां वर्षगांठ मना रहा है. पूरे राज्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.
शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि देने के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री बिरसा चौक पहुंचे, जहां बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया. जबकि राजभवन में राज्यपाल और जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आज का दिन हमारे पुरखों के संघर्ष. बलिदान और आत्मसम्मान को नमन करने का अवसर है. धरती आबा के आदर्शों पर चलकर ही वीर शहीदों ने अलग झारखण्ड राज्य की परिकल्पना को साकार किया, जिसका प्रतिफल है आज 25 वर्ष का युवा झारखण्ड धरती आबा को जोहार कर रहा है। झारखण्ड की यात्रा जो संघर्ष और बलिदान के बाद शुरू हुई थी, अब दशकों की यादों, विकास और उपलब्धियों से जगमगा रही है. आइए, अनंत संभावनाओं की ओर मिलकर कदम बढ़ाते हैं.”
मोराबादी मैदान में राजकीय समारोह
राज्य स्थापना दिवस पर शनिवार को मोरहाबादी मैदान में मुख्य राजकीय समारोह का आयोजन हो रहा है. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शिरकत करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे. विशिष्ट अतिथि कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के.राजू होंगे.
सम्मानित अतिथि में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री संजय प्रसाद यादव, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू, राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बर्मा, विधायक सीपी सिंह मौजूद रहेंगे.
इसी समारोह में अलग-अलग विभागों से जुड़ी 5992 करोड़ रुपये की 166 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा. इसमें सबसे अधिक पथ निर्माण की 2396 करोड़ की 66, जल संसाधन की 2082 करोड़ और नगर विकास विभाग की 887 करोड़ की 24-24, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की 61 करोड़ की कुल 21, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा की 412 करोड़ की कुल 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल हैं.
इनके अलावा 24.50 करोड़ से बने गिरिडीह नगर निगम और 270 करोड़ से अधिक की लागत से बने रांची स्थित रबींद्र भवन के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन संभावित है.
