रांचीः भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवम सांसद अरुण सिंह ने गुरुवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए राज्य सरकार और राहुल गांधी पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार लूट,घोटाला, अवैध खनन, तुष्टीकरण को बढ़ावा दे रही. राज्य में विकास पूरी तरह ठप है. सड़कें टूटी हुई हैं. बिजली व्यवस्था चरमराई है.
बीजेपी नेता ने कहा कि झारखंड एक अनूठा राज्य है, जहां घोटालों की फाइल गायब हो जाती है. राज्य में एक प्रकार से अफरातफरी का माहौल है. केंद्र सरकार द्वारा प्रचुर मात्रा में यूरिया खाद मिलने के बाद भी राज्य में यूरिया की कालाबाजारी हो रही.
राहुल गांधी पर भी निशाना
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपरिपक्व नेता हैं हैं और खुद को बेताज बादशाह समझते हैं. वे लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार कर रहे हैं. वे सर्वाधिक झूठ बोलने वाले व्यक्ति हैं.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जहां चुनाव जीतते हैं वहां वोटर लिस्ट,ईवीएम सब ठीक रहता है और जहां हारते हैं वहां खराब होता है. वोट की चोरी दिखती है.
उन्होंने दावा किया कि बिहार चुनाव में इंडी गठबंधन का सफाया होगा और एनडीए की फिर से मजबूत सरकार बनेगी.
प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह,प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक,प्रदेश प्रवक्ता अजय साह,प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह मौजूद थे.
