रांचीः प्रदेश भाजपा 17 अप्रैल को बिजली के मुद्दे पर कार्यपालक अभियंता कार्यालयों के सामने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में मंगलवार को पार्टी में गठित नई टीम के प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया है.
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने मीडिया को बताया है कि 17 अप्रैल को सभी जिलों में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता के कार्यालय के समक्ष बिजली कटौती, बिजली दर में वृद्धि एवं बिजली बिल की विसंगतियों से आम लोगों की हो रही परेशानी के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है.
अमर कुमार बाऊरी ने ने कहा कि प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के दौरान राजनीतिक हालात और सांगठनिक मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई है. कुछ भावी आंदोलन की रूपरेखा बनाई गई है.
साथ ही वर्तमान में चल रहे पार्टी के स्थापना दिवस और राज्यव्यापी प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलता पूर्वक अमलीजामा पहनाने पर गहन मंथन हुआ.
पार्टी के वरीय नेताओं ने इसको लेकर कई निर्देश भी दिये हैं. 14 अप्रैल को भीम राव आंबेडकर जी के जन्म जयंती को सांगठनिक स्तर पर मनाने के संबंध में भी सभी पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में गठित नई टीम के प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एवं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे.
बैठक प्रारंभ होने के साथ सर्वप्रथम सभी नए पदाधिकारियों का प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष द्वारा अभिनंदन व स्वागत किया गया.
