रांचीः भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री के कोयला रोकने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि रोकना ही है तो मुख्यमंत्री सरकारी तंत्र के संरक्षण में हो रहे बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी, तस्करी रोक कर दिखाएं.
पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा, “झारखंड का कोयला जैसे दूसरे राज्यों में जाता है वैसे ही दूसरे राज्य से कुछ और यहां आता है. सब मिलकर विकसित भारत बनता है. इसलिए विकसित झारखंड बनाने में केन्द्र सरकार के साथ खड़ा होना राज्य सरकार की जिम्मेवारी है. जनता ने आपको इसी के लिए सीएम को अवसर दिया है.”
भाजपा नेता ने कहा है कि सीएम राज्य में व्यापत भ्रष्टाचार रोकें. घुसपैठियों के द्वारा जारी जमीन की लूट रूकनी चाहिए. सरकार आदिवासी,दलित,पिछड़ों के साथ हो रहे अत्याचार को रोके. अपरहण, धमकी,फिरौती को रोके. जल , जंगल जमीन की लूट रोके. बहन-बेटियों के साथ हो रहे दुष्कर्म रकी घटनाओं और खनिज संपदा के अवैध उत्खनन को रोके.
आदित्य साहू ने कहा कि रामगढ़ जिले के घाटो थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा बेड़ा, लाइयो, बड़गांव, सिरका कुजू थाना क्षेत्र के कर्मा,बनवार, हैसागढ़ा ,रजरप्पा, धनैया, बोकारो के तिलैया, चोरिटांड़, महुआडांड़,धनबाद के निरसा,कलियासोला,ग़ल्फ़ाबादी, रामकनली,लोदाना जैसे दर्जनों स्थानों पर अवैध उत्खनन और ट्रांसपोर्टिंग का खेल धड़ल्ले से चल रहा है.
बीजेपी नेता ने व्यापारियों पर कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर भी सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी अभी अभी विदेश दौरा से लौटे हैं. राज्य में निवेश व्यापार को बढ़ाने की बात कर रहे हैं. वे राज्य के कुछ व्यायारियों को लेकर भी गए थे. व्यापारी समाज ही है जो लाखों लोगों की रोजी रोटी से जुड़ा हुआ है. इसलिए एक संवैधानिक प्रमुख पद पर बैठकर व्यापारियों के खिलाफ बोलने वाजिब नहीं प्रतीत होता है.”
गौरतलब है कि हेमंत सोरेन ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में केंद्र सरकार के बजट में झारखंड की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा था कि झारखड जब कोयला रोक देगा, तो देश में अंधेरा छा जायेगा.
