रांचीः झारखंड में पांकी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के विधायक शशिभूषण मेहता दिल्ली पहुंचे हैं. दिल्ली स्थित झारखंड भवन में उन्होंने दो कमरे पहले से आरक्षित कराया गया था. लेकिन वहां पहुंचने पर विधायक को जानकारी दी गई कि कमरा खाली नहीं है. इसके बाद वे स्वागत कक्ष के सामने फर्श पर धरने पर बैठ गए. वहीं पर टिफिन खाया.
नाराज विधायक ने सरकार के आला अधिकारियों और पार्टी को नेताओं को इस स्थिति की जानकारी दी और व्यवस्था पर सवाल खड़े किए. इधर सोशल मीडिया पर विधायक के धरने पर बैठे तस्वीर के साथ बीजेपी के कई नेताओं ने प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं.
राज्य सभा के सांसद दीपक प्रकाश ने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट किया है और इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. उन्होंने कहा है, “झारखंड भवन में नियुक्त हेमंत पदाधिकारियों की कर्तव्यहीनता के कारण विधायक को धरना देना पड़ रहा. सरकार इस मामले की अविलंब जांच करते हुए दोषी पदाधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई करे.”
मंत्री इरफान अंसारी ने बात की
इस बीच सरकार के मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने फोन पर बीजेपी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता से बात कर इस मामले को सुलझाया.
मंत्री ने विधायक मेहता से कहा, “आप दो बार के विधायक हैं और एक वरिष्ठ नेता भी. आपसे निवेदन है कि इस विषय को यहीं समाप्त करें. व्यवस्था में थोड़ी दिक्कत है, जिसे शीघ्र दुरुस्त किया जाएगा. इसका मैं व्यक्तिगत रूप से आश्वस्त करता हूं. मुख्यमंत्री को जैसे ही इस स्थिति की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. हमारी सरकार सभी विधायकों का समान रूप से सम्मान करती है, चाहे वे किसी भी दल से हों.”
