भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय है.
बीजेपी संगठन के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने जानकारी दी है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ़ नितिन नबीन का नाम प्रस्तावित हुआ है.
नितिन नबीन अभी बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं.
डॉ. के. लक्ष्मण के प्रेस वक्तव्य में बताया गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र मिले हैं. नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी नामांकन पत्र निर्धारित प्रारूप में और वैध पाए गए.”
नबीन के नामांकन के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी और दूसरे कई वरिष्ठ नेता मजूद रहे.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद करती है, जिसमें लगभग 5,708 सदस्य शामिल हैं. इसमें राष्ट्रीय परिषद और सभी राज्य परिषदों के सदस्य शामिल होते हैं, जो देश के 30 से अधिक राज्यों से आते हैं. लेकिन केवल एक नामांकन होता है, तो मतदान की जरूरत नहीं होगी.
