रांची। झारखंड में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विधानसभा में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने विधानसभा में राज्य में ‘बिगड़ती’ कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया। इस मुद्दे पर खूब हंगामा भी किया. विधायकों ने इस विषय पर सदन में चर्चा की मांग की। सदन में भाजपा विधायकों ने नारेबाजी की और वेल में पहुंच गये।
झारखंड में ध्वस्त है कानून-व्यवस्थाः बाबूलाल मरांडी
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सदन में यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, ‘झारखंड में कानून-व्यवस्था चरमरा गयी है. रांची में एक कोयला व्यापारी को गोली मार दी गयी। फिर एक साधु समेत 2 लोगों की हत्या कर दी गयी। रविवार को हजारीबाग में सरे राह एनटीपीसी के एक अधिकारी की भी हत्या कर दी गयी।
विपक्षी दल के हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी। 12 बजे के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो भाजपा विधायक सीपी सिंह ने फिर से राज्य में कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया और सरकार से जवाब मांगा.
स्पीकर रवींद्र नाथ महतो ने हंगामे को संभालने की कोशिशें की। उन्होंने विपक्षी सदस्यों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग करने का आग्रह किया। इसके बाद प्रश्नकाल शुरू हुआ।