रांचीः झारखंड दौरे पर आए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय महासचिव भाकपा के केंद्रीय महासचिव डी राजा ने कहा है कि आगामी पांच राज्यों में होने वाले चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा.
डी राजा ने कहा कि केरल में भाजपा की कोई मजबूत पकड़ नहीं है. और वहां वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) फिर से सरकार बनायेगी.
बंगाल में वाम दलों के पुनरुत्थान
रांची में भाकपा झारखंड इकाई के द्वारा आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह में शामिल होने पहुंचे डी राजा ने रविवार को जोर देकर कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में वाम दलों के पुनरुत्थान को लेकर वह आश्वस्त हैं और वे एक ऐसी ताकत के रूप में उभरेगी, जो राज्य के राजनीतिक विमर्श को आकार देगी.
राजा ने रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, ‘सभी जानते हैं कि पश्चिम बंगाल में कड़ी टक्कर होगी। लेकिन वाम दल बहुत आत्मविश्वास से भरे हैं. वाम दलों का पुनरुत्थान होगा और वे एक ऐसी ताकत के रूप में उभरेंगे, जो राज्य के राजनीतिक विमर्श को आकार देगी.’
मोदी सरकार का सरेंडर
मीडिया से बातचीत में केंद्र की मोदी सरकार को ‘विनाशकारी’ बताते हुए कहा कि देश को भाजपा शासन से मुक्त कराने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि प्रधानमंत्री मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाली अमेरिकी ताकतों के सामने झुकाव दिखाया है.
डी राजा ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम लोगों के बजाय कॉरपोरेट घरानों के हितों की रक्षा कर रही है.
