दिल्ली के लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के निकट सोमवार शाम को एक कार धमाका हुआ जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है.
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बयान जारी कर बताया है कि वो घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं और अस्पताल का भी दौरा करेंगे.
इस बीच घटना को लेकर पीएम मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से घटना की जानकारी ली. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बातचीत की.
गृह मंत्री अमित शाह ने आईबी चीफ से भी घटना की जानकारी ली. इसके अलावा, गृह मंत्री ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक को एनआईए की विशेष टीम घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए हैं.
शुरुआती जांच में दिल्ली पुलिस का कहना है कि पार्क की गई कार में यह ब्लास्ट हुआ है. सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं. अभी तक दमकल की करीब 15 गाड़ियां घटनास्थल पर रवाना की गई हैं.
इस घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है. पूरे इलाके को पुलिस द्वारा कॉर्डन ऑफ कर दिया गया है. साथ ही, सामान्य गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गयी है.
इस बीच दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.
गृह मंत्री अमित शाह ने बयान जारी किया
इस घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने बयान जारी किया है और इस घटना की जांच के बारे में बताया है.
उन्होंने बताया, “आज शाम क़रीब सात बजे दिल्ली में लाल क़िले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफ़िक सिग्नल पर आई-20 ह्युंडई गाड़ी में एक ब्लास्ट हुआ. ब्लास्ट के कारण आसपास की कुछ गाड़ियां और मार्ग पर जा रहे कुछ लोगों के घायल होने का समाचार है. प्राथमिक सूचना जो मिली है उसमें कुछ लोग हताहत भी हुए हैं.”
“ब्लास्ट की सूचना आते ही 10 मिनट में दिल्ली क्राइम ब्रांच, दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. एनएसजी और एनआईए की टीम एफ़एसएल के साथ गहन जांच शुरू कर रही है. आसपास के स्थान के सभी सीसीटीवी कैमरा और बाक़ी सब चीज़ों के जांच के आदेश दे दिए गए हैं.”
इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट किया, “दिल्ली के लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है. इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है.”
उधर दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने मीडिया को घटना के बारे में जानकारी दी है.
दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के नज़दीक रेड लाइट पर शाम 6.52 बजे एक स्लो मूविंग व्हीकल रुका था जिसमें धमाका हुआ है और उस समय गाड़ी में पैसेंजर भी थे.
