चाईबासाः अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत झारखंड और ओडिशा के जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए रविवार से 10 दिवसीय आवासीय महाशिविर का आयोजन शुरू हो रहा है.
यह शिविर ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर में 22 से 31 मार्च तक चलेगा.
31 मार्च को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी नेताओं और जिला अध्यक्षों को संबोधित करने के लिए आ सकते हैं.
इस शिविर में उड़ीसा के 35 और झारखंड के 25 जिला कांग्रेस अध्यक्ष भाग ले रहे हैं.
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया है कि शिविर में एआईसीसी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे, जिनमें अजय कुमार लल्लू, भक्त चरण दास, कुसुम कुमार, मयूरा जया कुमार सहित अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं.
इनके अलावा झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू, झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे के मंत्री, विधायक दल के नेता भी शिविर में सांगठनिक मजबूती के गुर सिखायेंगे.
प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक दस दिवसीय शिविर में विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी, जिसमें कांग्रेस के इतिहास, उपलब्धियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होगी. साथ ही, प्रतिभागी दो दिन का फील्ड विजिट भी करेंगे, जहां वे गांवों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे और मनरेगा कार्यों का निरीक्षण करेंगे.
उन्होंने यह भी बताया कि 31 मार्च को इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है, जहां वे सभी जिला अध्यक्षों को मार्गदर्शन देंगे.
पार्टी का महत्वपूर्ण कदम
पार्टी इस शिविर को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रही है.
प्रशिक्षण सत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने की तकनीक, संगठन विस्तार की रणनीति, चुनावी प्रबंधन, मीडिया समन्वय और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की जानकारी दी जाएगी. इनके अलावा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों का विश्लेषण कर यह बताया जाएगा कि जनता के बीच पार्टी के स्वीकार्यता कैसे बढ़ाई जाए.
