चाईबासाः चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र स्थित सीआरपीएफ कैंप में सर्विस राइफल से चली गोली में पुलिस के एक जवान की मौत हो गई है.
गुमला के रायडीह निवासी अजय किशोर खाका सारंडा नक्सल अभियान में तैनात थे.
जानकारी के अनुसार खाका की अपनी ही सर्विस राइफल इंसास से गलती से गोली चल गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना रविवार शाम की है.
अजय किशोर खाका टोंटो थाना अंतर्गत पालीसाई स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात थे.
घटना के समय वे अपनी इंसास राइफल की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान राइफल से अचानक गोली चल गई.
गोली लगने के तुरंत बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई. साथी जवान उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा है. एक पुलिस अधिकारी ने कहा है कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है.
