चतराः झारखंड में चतरा पुलिस और उत्पाद विभाग ने एक संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. इस अवैध धंधे के संचालन करते तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1318 बोतलें बरामद की हैं, जिन पर रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज जैसे ब्रांड्स के नकली ढक्कन और स्टिकर लगे थे. बोतलें सील करने वाली मशीन और कच्चा स्प्रिट भी जब्त किया गया है.
पुलिस को इन धंधेबाजों से पूछताछ में पता चला है कि इस फैक्ट्री में स्प्रिट और कैमिकल डालकर रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज की बॉटलिंग की जा रही थी.
उत्पाद अधीक्षक ने बताया है कि तस्कर अनिल कुमार यादव के घर में अवैध तरीके से स्प्रिट और केमिकल के जरिए खतरनाक शराब तैयार कर माफिया एक नेटवर्क के तहत बिहार में खपाते थे और मोटा मुनाफा कमाते थे.
उन्होंने बताया कि अनिल कुमार यादव, बीरबल कुमार और ब्रजेश यादव को गिरफ्तार किया गया है. जबकि इस गिरोह के मास्टरमाइंड दिलीप यादव और मोहन यादव फरार होने में सफल रहे.
