चतरा: झारखंड में चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित करमटांड जंगल में एयर एंबुलेंस क्रैश के तीन हफ्ते बाद जंगल में विमान के इंजन का एक हिस्सा मिला है.
इंजन का यह हिस्सा दुर्घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में मिला है.
रविवार को कुछ ग्रामीण महुआ चुनने गए जंगल के अंदर घुसे थे. इसी दौरान ग्रामीणों को जंगल में विमान के इंजन का एक भाग दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही सिमरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इंजन के हिस्से को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह का कहना है कि बरामद इंजन के हिस्से को पुलिस ने सुरक्षित रखा है.
गौरतलब है कि 23 फरवरी की शाम रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी रेडबर्ड कंपनी की एक एयर एंबुलेंस इसी जंगल में क्रैश हो गई था. इस हादसे में पायलट, को- पायलट समेत कुल लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. हादसे के बाद से ही विमान के कुछ हिस्सों की तलाश की जा रही थी.
