रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाशिवरात्रि के मौके पर रविवार को रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर पहुंचे. उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और शिवरात्रि महोत्सव में शामिल हुए.
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रगति, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा लोगों को शुकामानाएं दी.
उन्होंने राज्य वासियों को इस महापर्व की शुभकामनाएं देने के साथ कहा, “आप सभी पर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद सदैव बना रहे.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में हर वर्ष श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ता है. इस वर्ष भी यहां हजारों -हजार की संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा -अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं. सभी श्रद्धालु इस महापर्व को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाएं.
इससे पहले श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर, रांची द्वारा मुख्यमंत्री का परंपरानुसार स्वागत और अभिनंदन किया गया महोत्सव में सांसद महुआ माजी और रांची के विधायक सीपी सिंह बी मौजूद रहे.
