रांचीः बड़कागांव की पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के उस बयान को खारिज किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि विष्णुगढ़ हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी भीम राम बीजेपी का कार्यकर्ता नहीं है.
रांची में मीडिया से बात करते हुए अंबा ने कई तस्वीरें दिखाईं जिनमें भीम राम कई भाजपा नेताओं और विधायकों के साथ दिख रहा है.
अंबा प्रसाद ने कहा कि अब कोई व्यक्ति भाजपा का पट्टा पहनकर तो अपनी फोटो नहीं खिंचवा सकता. चुनाव अभियान में शामिल नहीं हो सकता.
विष्णुगढ़ में हुई एक नाबालिग बच्ची की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने भीम राम के अलावा बच्ची की मां रेशमी देवी और गांव की भगताइन शांति देवी को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए कहा है कि तंत्र-मंत्र और अंध विश्वास के चक्कर में बच्ची की बलि दी गई थी.
अंबा प्रसाद ने पुलिस की थ्योरी को ‘चंदा मामा’ वाली कहानी बताया है.
अंबा प्रसाद ने पुलिस की तरफ से जारी प्रेस रिलीज के हर बिंदु पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस एक कहानी रची है.
अंबा ने कहा कि अगर उस मां ने अपने बेटे की बीमारी ठीक करने के लिए अपनी ही बेटी की बलि दे दी, तो सवाल उठता है कि मृतक का बेटा किस लाइलाज या गंभीर बीमारी से पीड़ित था. उन्होंने और भी सवाल उठाये. इसके साथ ही उन्होंने इस घटना की सीबीआई जांच की मांग की.
पिछले दिनों सीबीआइ जांच की मांग को लेकर वे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भी मिली थीं.
