रांची: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) रांची ने एक नये मुकाम के साथ नैक ग्रेड रिव्यू में A+ (ए प्लस) की उपलब्धि हासिल की है,
यह उपलब्धि हासिल करने वाला सीयूजे झारखंड का पहला और एक मात्र विश्वविद्यालय बन गया है.
कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास ने बुधवार को विश्वविद्यालय के विज्ञान सभागार में आयोजित एक औपचारिक समारोह में इसकी घोषणा की.
उन्होंने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के सभी प्रोफेसर, पदाधिकारी, कर्मचारी और छात्रों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सीयूजे को विश्वस्तरीय संस्थापन बनाने के लक्ष्य पर काम करना है.
अपने संबोधन में कुलपति ने कहा, “अगर हम एक लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करके प्रयास करें, तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. हम बी ग्रेड से ए+ तक पहुंचे हैं और अब हमें इसे बनाए रखते हुए विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय बनाने के लिए काम करना है.”
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने हाल के वर्षों में शिक्षा, शोध और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति की है.
कार्यक्रम में नैक (NAAC) को-ऑर्डिनेशन सेल के चेयरमैन प्रो. के.बी. पंडा भी मौजूद थे.
उन्होंने बताया कि नैक पीयर टीम रिव्यू के बाद फरवरी 2025 में यूनिवर्सिटी को ए ग्रेड मिला था. नैक प्रक्रिया के अनुसार, पुनः रिव्यू के अनुरोध पर डाटा वैलिडेशन एंड वेरिफिकेशन (DVV) के बाद अंकों में सुधार हुआ और यूनिवर्सिटी ने 3.27 CGPA के साथ A+ ग्रेड प्राप्त किया.
इस मौके पर डीन एकेडमिक्स, प्रोफेसर मनोज कुमार, डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट, प्रोफेसर अरुण कुमार पाढ़ी, सभी सीनियर अधिकारी और प्रोफेसर मौजूद रहे. इस उपलब्धि के बाद, विश्वविद्यालय परिसर, पूर्व छात्रों और सीयूजे से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है.
