नीतीश कुमार के एलान के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई दी है.
सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, “आदरणीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को राज्यसभा चुनाव -2026 के लिए जद (यू) से उम्मीदवार घोषित किए जाने पर अनंत बधाई एवं शुभकामनाएं.”
सम्राट चौधरी ने लिखा, “आपका दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और बिहार के समग्र विकास के लिए आपका सतत प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. विश्वास है कि आपके अनुभव और नेतृत्व से राज्यसभा की गरिमा और भी सुदृढ़ होगी.”
केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (आर) नेता चिराग पासवान ने नीतीश कुमार के इस फैसले पर लिखा, “माननीय मुख्यमंत्री जी, आपको एनडीए गठबंधन द्वारा राज्यसभा के लिए नामित करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. पूर्ण विश्वास है कि आपके अनुभव, समर्पण और जनसेवा की भावना से संसद के उच्च सदन में देश और समाज के हितों को मजबूती मिलेगी.”
आरजेडी के सांसद मनोज झा ने कहा, “ट्वीट पढ़ने के बाद, यह पक्का है कि उन्होंने यह ट्वीट लिखवाया या ख़ुद नहीं लिखा है. यह दिल्ली से आया है. इससे जेडीयू की आत्मा को ठेस पहुंची है…”
उधर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “वे बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं, यह स्वाभाविक था कि उनका कार्यकाल आख़िरकार ख़त्म हो जाएगा. बेशक, यह बिहार सरकार और उसके सहयोगियों का अंदरूनी मामला है. हालांकि क्योंकि नीतीश कुमार कभी इंडिया ब्लॉक में हमारे साथी थे, इसलिए चुनाव के ठीक तीन महीने बाद उनका राज्यसभा जाना ध्यान देने लायक है.”
