धनबादः झारखंड में नगर निकायों के चुनाव को लेकर नामाकन भरने की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है. चंद्रशेखर अग्रवाल ने धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिया है. चंद्रशेखर अग्रवाल पहले मेयर रह चुके हैं. इस बार धनबाद में मेयर का चुनाव टसल वाला होने के आसार हैं.
झरिया से बीजेपी के पूर्व विधायक संजीव सिंह की भी इस पद पर नजर है. उन्होंने बीजेपी को अपनी इच्छा और तैयारियों से अवगत कराया है. उनकी पत्नी रागिनी सिंह अभी झरिया से पार्टी की विधायक हैं.
राजनीतिक गलियारे में इसकी भी चर्चा है कि धनबाद से बीजेपी के सांसद ढुल्लू महतो अपनी पत्नी को मेयर पद के लिए चुनाव लड़ाना चाहते हैं.
गैरदलीय , पर राजनीतिक तपिश
नगर निकायों के चुनाव गैरदलीय आधार पर कराए जा रहे हैं, लेकिन सभी प्रमुख दल चुनाव में अपने- अपने उम्मीदवारों को समर्थन के नाम पर उतारने की तैयारी में जुटे हैं. बाकायदा सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा भी इस बार निकाय चुनाव में अपना दबदबा दिखाने की रणनीति में जुटा है. राज्य में नौ नगर निगम हैं और निगमों में मेयर पद पर राजनीतिक दलों और उनके रणनीतिकारों की नजरें टिकी हैं.
जेएलकेएम ने युवा नेता प्रकाश महतो को अपना समर्थन दिया है. प्रकाश महतो ने गुरुवार को पर्चा खरीदा है.
रांची, मानगो, चास, हजारीबाग नगर निगम का चुनाव भी बेहद रोमांचक होने वाला है. रांची में बीजेपी और जेएमएम दोनों आमने- सामने होते दिख रहे हैं. लेकिन किन चेहरे को समर्थन देंगे, इसके पत्ते नहीं खोले गए हैं.
उधर नामांकन से पूर्व चंद्रशेखर अग्रवाल ने झरिया स्थित श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना की और वहीं से समर्थकों के साथ रैली के साथ धनबाद समाहरणायलय पहुंचे. यह रैली झरिया से धनसार होते हुए शक्ति मंदिर पहुंची. इसके बाद नया बाजार, राजेंद्र सरोवर, सिटी सेंटर होते हुए मेमको मोड़ तक पहुंची. मेमको मोड़ से चंद्रशेखर अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ पैदल मार्च करते हुए समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत रूप से नामांकन प्रक्रिया पूरी की.
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने धनबाद के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम कार्य किए हैं. शहर की जनता उन कार्यों से भली-भांति परिचित है. उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर उनके काम पर भरोसा जताएगी और उन्हें सेवा का अवसर देगी.
