धनबाद: कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों के साथ पुलिस की हुई एक मुठभेड़ में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी है. तीसरे का भागने के दौरान पैर टूट गया है.
तीनों को को इलाज के लिए धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार समेत पुलिस के कई अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे हैं.
जिन दो लोगों को पैर में गोली लगी है उनमें अमन सिंह और विक्की डोम है. वहीं, भागने के दौरान अफजल अमन का पैर टूटा है.
अमन सिंह पलामू का रहने वाला है. जबकि विक्की डोम और अफजल अमन दोनों धनबाद का ही रहने वाला है.
सोमवार की सुबह भागाबांध ओपी और जोड़ापोखर ओपी क्षेत्र की सीमा पर यह मुठभेड़ हुई है. पिछले हफ्ते भी एक एनकाउंटर में प्रिंस खान के दो गुर्गों को गोली लगी थी.
जानकारी के मुताबिक रांची पुलिस की एक विशेष टीम इन अपराधियों के पीछे पहले से लगी थी. पिछले दिनो रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में टीटॉस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और एक वेटर की मौत के बाद पुलिस प्रिंस खान के गुर्गों की तलाश में थी. रांची पुलिस की धनबाद में इन गुर्गों से मुठभेड़ हुई. मौके पर धनबाद की पुलिस भी पहुंची थी.
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा है कि पुलिस को इन गुर्गों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी. पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तो प्रिंस खान के गुर्गों ने पुलिस के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दो अपराधियों के पर में गोली लगी है. जबकि एक अपराधी का खंडहरनुमा बिल्डिंग से कूदने के क्रम में पैर फ्रैक्चर हो गया है.
