रांचीः धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की.
झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे संजीव सिंह ने धनबाद नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया.
मुख्यमंत्री से मिलने के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद की जनता ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया है और वहां के विकास को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने धनबाद नगर निगम के कामकाज में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी कठिनाइयां आएंगी उसमें मैं पूरी तरह से सहयोग करूंगा.
उन्होंने कहा कि धनबाद की जनता की समस्या का समाधान करें और इसको लेकर हर संभव और सकारात्मक प्रयास करूंगा.
गैंगस्टर प्रिंस खान को लेकर झरिया विधायक द्वारासदन में उठाए गए सवाल को सही बताते हुए कहा कि सरकार को इस पर चिंता करनी चाहिए.
एक सवाल के जवाब में संजीव सिंह ने कहा कि विधानसभा का सदस्य होना अलग बात है और एक महापौर होना अलग है. दोनों का अनुभव अलग-अलग होता है.
झरिया से बीजेपी के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने अपने दम पर मेयर का चुनाव जीता है. अभी संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह झरिया से बीजेपी की विधायक हैं.
