नई दिल्लीः राजनीतिक कार्यकर्ता के साथ शिक्षण और शोध कार्य से सक्रिय रूप से जुड़े झारखंड के युवा डॉ तनुज खत्री की लिखी किताब ‘टेलिकॉम सुनामी – Telecom Tsunami: A Powerful Dive into the Disruptions Reshaping Our Connected World’ का विमोचन भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी के पुत्र, वरिष्ठ राजनेता एवं लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल के चेयरमैन अनिल शास्त्री ने मंगलवार को किया.
यह पुस्तक वालनट पब्लिकेशन इंडिया (Walnut Publication, India) द्वारा प्रकाशित की गई है.
लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल, नई दिल्ली में पुस्तक विमोचन को लेकर आयोजित समारोह में अनिल शास्त्री की पत्नी मंजु शास्त्री और इंटरनेशनल रोमा कल्चर यूनिवर्सिटी (ICRU) के चांसलर, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं ICMR के सदस्य डॉ मनोज कुमार वाजपेयी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
लाइब्रेरी में रखी जाएगी किताब
विमोचन समारोह में अनिल शास्त्री ने कहा, “भारत की टेलीकॉम इंडस्ट्री ने पिछले तीन दशकों में जो परिवर्तन देखा है, वह किसी क्रांति से कम नहीं है. गाँव-गाँव तक मोबाइल और इंटरनेट पहुँचने से समाज की सोच और व्यवहार दोनों बदले हैं. डॉ तनुज खत्री की यह पुस्तक इस ऐतिहासिक यात्रा का दस्तावेज़ है और आने वाले समय के लिए एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगी.”
उन्होंने आगे कहा कि ‘टेलिकॉम सूनामी’ को लाल बहादुर शास्त्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, नई दिल्ली और एलबीएस पब्लिक पॉलिसी रिसर्च सेंटर की लाइब्रेरी में रखा जाएगा, ताकि प्रबंधन और शोध के छात्र इससे लाभान्वित हो सकें.
इस अवसर पर इंटरनेशनल रोमा कल्चर यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. मनोज कुमार वाजपेयी ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक शोधग्रंथ नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षिक धरोहर है. यह हमें समझाती है कि कैसे तकनीक समाज और अर्थव्यवस्था दोनों को गहराई से प्रभावित करती है.
समारोह में शिक्षा, मीडिया, शोध और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे. सभी ने इस पुस्तक को समयानुकूल और शोधपूर्ण बताते हुए लेखक को बधाई दी.
पुस्तक के विमोचन पर तनुज खत्री ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “यह मेरे लिए गर्व की बात होगी कि पुस्तक उन संस्थानों की लाइब्रेरी में उपलब्ध होगी, जिनका नाम महान विभूति स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी की विरासत से जुड़ा है. यह मेरे शोध और लेखन के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है
पुस्तक ‘टेलिकॉम सूनामी’ टेलीकॉम क्षेत्र की चुनौतियों, नीतिगत निर्णयों और तकनीकी विकास की गहराई से पड़ताल करती है. इसे आम पाठक भी आसानी से समझ सकें, इस उद्देश्य से सरल और प्रभावी शैली में लिखा गया है.
