मोकामा विधानसभा क्षेत्र में दुलारचंद की हत्या के बाद कई अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की गई है. कार्रवाई को लेकर चुनाव आयोग ने शनिवार शाम आदेश जारी किया है.
इसके तहत बाढ़-1 क्षेत्र के एसडीओ और मोकामा विधानसभा सीट के रिटर्निंग ऑफ़िसर चंदन कुमार को हटा दिया गया.
चंदन कुमार की जगह पटना नगर निगम के एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर आशीष कुमार को भेजा गया है.
कार्रवाई के सिलसिले में बाढ़ के एसडीपीओ राकेश कुमार को भी हटा दिया गया है. राकेश कुमार की जगह पर पटना सीआईडी के डीएसपी आनंद कुमार सिंह को भेजने का निर्देश दिया गया है.
चुनाव आयोग ने कहा है कि हटाए गए तीनों अधिकारियों के ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की जा सकती है और बाढ़-2 के एसडीपीओ अभिषेक सिंह को फ़ौरन सस्पेंड किया जा सकता है.
जबकि बाढ़-2 क्षेत्र के एसडीपीओ की जगह पटना से एटीएस के डीएसपी आयुष श्रीवास्तव को भेजने को कहा गया है.
चुनाव आयोग ने कहा है कि हटाए गए तीनों अधिकारियों के ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की जा सकती है और बाढ़-2 के एसडीपीओ अभिषेक सिंह को फ़ौरन सस्पेंड किया जा सकता है.
आयोग ने पटना (ग्रामीण) के एसपी विक्रम सिहाग का ट्रांसफ़र कर, उनकी जगह पर संभावित नए अधिकारियों के नाम की सूची भी मांगी है.
चुनाव आयोग ने इस मामले पर 2 नवंबर दोपहर बारह बजे तक कार्रवाई करने को कहा है.
इस बीच पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा, “मोकामा विधानसभा क्षेत्र में हुई घटना को जिला प्रशासन और पुलिस ने बहुत गंभीरता से लिया है. हमने मामले में कई कार्रवाई की है. आदर्श आचार संहिता पूरी चुनाव प्रक्रिया का एक मजबूत स्तंभ है. चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. अगर कोई असामाजिक तत्व कानून या आदर्श आचार संहिता के खिलाफ जाने की कोशिश करता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. हमने सभी हथियार जमा करने के निर्देश दिए हैं. सभी वैध हथियार जल्द ही जमा कर दिए जाएंगे.
इनके अलावा वे पुलिस और मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय में काम कर रहे हैं. अवैध हथियारों को भी जब्त करने के लिए छापेमारी की जा रही है.
उन्होंने कहा है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50 से अधिक चेकिंग प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए गए हैं. CAPF भी जांच करेगी. पटना से सबसे ज्यादा जब्ती की गई है. पर्याप्त CAPF जवानों को तैनात किया गया है.
