रांचीः प्रवर्तन निदेशालय ने कोयला चोरी और अवैध खनन से जुड़े मामलों में झारखंड और पश्चिम बंगाल में 40 से अधिक ठिकानों पर एक साथ (समन्वित) छापेमारी की है. बंगाल में भारी मात्रा में रुपये और जेवर बरामद होने की खबर है.
खबरों के मुताबिक ईडी के रांची कार्यालय ने कोयला चोरी और तस्करी के कई बड़े मामलों में लगभग 18 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है.
यह कार्रवाई अनिल गोयल, संजय उद्योग, एलबी सिंह (LB Singh) और अमर मंडल से संबंधित ठिकानों पर की गयी है.
कारोबारी एलबी सिंह ने ईडी की टीम को अपने घर में प्रवेश करने से पहले काफी देर तक रोके रखी. उसने अपने पालतू कुत्तों को छोड़ रखा था. साथ ही काफी देर तक गेट नहीं खोला. लगभग दो घंटे के इंतजार के बाद ईडी की टीम अंदर गई.
बताया जा रहा है कि कारोबारी ने साक्ष्यों को छुपाने के लिए ही ईडी को रोक रखी थी.
अमर मंडल कोयला के अलावा कथित तौर पर राजनीतिक संरक्षण में पत्थर और बालू में अवैध उगाही में सक्रिय है. वर्तमान में अनिल गोयल का सिंडिकेट ही धनबाद में कोयला तस्करी में सक्रिय है.
उधर ईडी के के कोलकाता कार्यालय ने अवैध कोयला खनन, अवैध परिवहन और कोयले के भंडारण से जुड़े मामलों में 24 परिसरों में तलाशी ली है. यह कार्रवाई दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता में हुई है.
