रांचीः झारखंड के पलामू में सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के कमांडर मुखदेव यादव को मार गिराया है.
यह मुठभेड़ मनातू के जंगल में हुई है. मुखदेव यादव पर पांच लाख रुपये का इनाम था.
मारे गए नक्सली का शव घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है. साथ ही एक इंसास राइफल भी पुलिस को मिला है. पलामू की एसपी ने रीष्मा रमेशन ने मुखदेव यादव के मारे जाने की पुष्टि की है.
गौरतलब है कि तीन सितंबर को टीएसपीसी के शशिकांत गंझू के दस्ते के साथ एक मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हुए थे.
इसके बाद से पुलिस ने पूरे इलाके में तलाशी और गंझू के दस्ते के सफाये को लेकर अभियान शुरू किया है.
तलाशी के क्रम में रविवार की सुबह पलामू के मनातू थाना क्षेत्र के बंशी खुर्द एवं तरहसी थाना क्षेत्र के काश जंगल में सुरक्षा बल पहुंचे थे. इस बीच उग्रवादियों ने फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में मुखदेव यादव मारा गया.
इलाके में सर्च अभियान जारी है. मौके से बड़ी संख्या में गोली एवं खोखा भी बरामद हुआ है.
मुखदेव यादव प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC) का जोनल कमांडर था. वह टीएसपीसी के सुप्रीमो शशिकांत गंझू के दस्ते का बड़ा कमांडर होने के साथ सबसे करीबी भी माना जाता है.
मुखदेव पर पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कई बड़े नक्सल हमले को अंजाम देने का आरोप है. मार्च 2025 में पलामू पुलिस की अनुशंसा पर मुखदेव यादव पर इनाम की अनुशंसा की गई थी. उसके खिलाफ अलवग- अल थानों में कम से कम दो दर्जन केस दर्ज हैं.
