रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के निकट राहुल दुबे गैंग के साथ शुक्रवार की अहले सुबह हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
इस मुठभेड़ मे दो अपराधियों को गोली लगी है, जिनका इलाज चल रहा है.
मुठभेड़ के बाद तलाशी में पुलिस ने आठ देशी पिस्टल, एक बोलोरो गाड़ी, बाइक, 42 जिंदा गोलियां, पांच मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है.
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने मीडिया से बातचीत में जानकारी दी है कि उन्हें देर रात करीब एक बजे सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ सक्रिय अपराधी भारी मात्रा में हथियार से लैस रांची होते हुए खलारी- मैक लुस्कीगंज सड़क की ओर किसी बड़ी घटना को अंजाम के लिए जाने वाले हैं.
इस सूचना के बाद ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया.
पुलिस की टीम ने बुढ़मू, ठाकुरगांव, रातू थाना क्षेत्र में खलारी जाने वाले रास्ते में चेकिंग शुरू किया.
तड़के करीब साढ़े तीन बजे रातू-ठाकुरगांव रोड पर कोकड़े टांड़ के पास बाइक से आते दो लोगों को पुलिस ने रोका, तो वे गाड़ी किनारे करते हुए फायरिंग कर भागने की कोशिश करने लगे. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की गोली लगने से दोनों घायल होकर गिर पड़े.
घायल अपराधियों की पहचान भुरकुंडा के साजन अंसारी अंसारी एवं अमित कुमार के रूप में हुई.
इन दोनों ने पुलिस को जानकारी दी कि ठाकुरगांव से पूर्वी इलाके में इठे मोड़ के पास उनके दो साथी इंतजार कर रहे हैं, जहां से सभी मिलकर खलारी क्षेत्र में कोयला साइडिंग पर जाकर फायरिंग करने की योजना है.
एसएसपी ने बताया कि पुलिस की टीम ने इठे मोड़ पर पहुंचकर वहां से दो अन्य अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया. इनके नाम आतिश दास और देवानंद दास है. बोलेरो की तलाशी लेने पर हथियार और जिंदा कारतूस मिले.
ये चारों शातिर अपराधी हैं. इनके खिलाफ अलग- अलग थानों में कम से कम 27 मामले दर्ज हैं. इनमें साजन अंसारी के खिलाफ 12 और आतिश दास के खिलाफ 13 मामले दर्ज हैं.
खलारी में पुलिस गश्ती दल पर फायरिंग करने में भी इनका हाथ रहा है. पुलिस को अपराधियों ने जानकारी दी है कि कोयला क्षेत्र में व्यवसायियों को धमकी देकर तथा फायरिंग कर दहशत फैलाने में ये संलिप्त रहे हैं.
इनका काम दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलना था. राहुल दुबे के इशारे पर इन लोगों ने की घटनाओं को अंजाम दिया है.
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है. पुलिस उस दिशा में कार्रवाई करेगी.
