कोलकाता के व्यस्ततम बड़ा बाजार इलाके के एक होटल- ऋतुराज में लगी आग में 14 लोगों की मौत हो गई है.
कोलकाता के पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा ने आग में 14 लोगों के मरने की पुष्टि की है.
कुछ देर पहले संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आग के कारणों का पता लगाने के लिए एक टीम बनाई गई है. प्रथम दृष्टया आग बिजली के मीटरों के पास से भड़की प्रतीत होती है.
आग पर काबू पा लिया गया है. दमकल की टीम और बचाव कर्मियों ने लगभग एक दर्जन लोगों को बाहर निकाला है.
पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि ‘मंगलवार की रात 8.15 बजे मछुआ इलाके में स्थित ऋतुराज होटल में आग लग गई थी. आग पर काबू पा लिया गया है. रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है.’
ये इलाका शहर की सबसे बड़ी फल मंडी के बीचोबीच आता है. होटल की पहली मंजिल पर आग लगी और यह पांच मंजिला इमारत में फैल गई. कई लोग होटल के अंदर फंसे थे.
होटल में आग की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. साथ ही उन्होंने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया.
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर बताया, “कोलकाता में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं. अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी. इसके अलावा, घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग से बचने के लिए कई लोग खिड़कियों से निकलने की कोशिश करते दिखे. चौथे माले से कूदने की कोशिश में दो लोग घायल हुए हैं.
