रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार की शाम रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का आगाज किया.
इस आयोजन में दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों- भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं.
उदघाटन समोरह में हेमंत सोरेन ने कहा कि लंबे समय के बाद चतुर्थ सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 के आयोजन की मेजबानी का अवसर झारखंड प्रदेश को मिला है. यह हमारे राज्य के लिए गर्व और सम्मान की बात है. इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन से राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित होगा.
उन्होंने कहा कि खेल के प्रति झारखंड प्रदेश के नौजवानों में उत्साह और समर्पण देखने को मिलता है. क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी सहित कई अन्य खेलों में यहां के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर दिखाया है.
उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप में देश के सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन देखने को मिले इसके लिए हमें स्टेडियम में उपस्थित होकर उनका उत्साह बढ़ाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चैंपियनशिप में भी हमारे खिलाड़ियों पर हमें पूरा विश्वास है कि वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से झारखंड और देश का गौरव बढ़ाएंगे.
मुख्यमंत्री ने इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका के खिलाड़ियों का झारखंड राज्य की ओर से हार्दिक अभिनंदन किया.
इस अवसर पर खेल विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य विभाग के मंत्री इरफान अंसारी, कृषि विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, श्वेता सिंह, विधायक सुरेश बैठा, प्रेसिडेंट सैफ डॉ० ललित भनोट, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शकृष्णा पूनिया सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे.
