रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि महात्मा गांधी जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उनके आदर्शों और सिद्धांतों ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी बल्कि आजादी के बाद भी लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई.
उन्होंने कहा कि ऐसे महान विभूतियों के आदर्श और त्याग ही हैं, जिनकी वजह से भारत एक सशक्त और गौरवशाली लोकतंत्र के रूप में दुनिया के सामने खड़ा है.
गांधी जंयती के अवसर पर हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची के मोराबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए नमन किया. इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, जेएमएम की विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थे.
मुख्यमंत्री शने कहा कि महात्मा गांधी के विचार, उनकी अहिंसा एवं सत्य की राह पर चलने की प्रेरणा आज भी पूरे देश और विश्व के लिए मार्गदर्शक है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समस्त राज्यवासियों से आह्वान किया कि हम सभी अपने जीवन में पूरी संजीदगी से बापू के सिद्धांतों को अपनाएं और समाज में शांति, भाईचारा एवं एकता के माहौल को और मजबूती दें।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर भी उन्हें नमन किया.
उन्होंने कहा कि शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी एवं कर्मठता की मिसाल थे. उनके दिए गए नारे “जय जवान, जय किसान” आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं.
उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के जीवन से हमें कर्तव्यपरायणता, देशभक्ति और जनसेवा की सीख मिलती है, जिसे आत्मसात कर हम झारखंड और भारत को और सशक्त बना सकते हैं.
