गढ़वाः गढ़वा के जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा ने मेराल अंचल के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोहबरिया के हेड मास्टर कुंदन कुमार रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
होली से ठीक पहले आठवीं वर्ग के छात्र-छात्राओं के विदाई समारोह के दौरान हेड मास्टर और स्कूल के शिक्षकों का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ कथित तौर पर एक अश्लील गाने पर डांस कर रहे थे.
विदाई समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में डीजे साउंड लगाकर अशोभनीय एवं अश्लील गीत बजाए जाने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई की है. उन्होंने कहा है कि यह कृत्य विद्यालय की गरिमा, शैक्षणिक वातावरण तथा शिक्षक की मर्यादा के प्रतिकूल पाया है।
प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए झारखंड सरकारी सेवक नियमावली, 2016 के तहत प्रभारी प्रधानाध्यापक कुंदन कुमार रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, गढ़वा निर्धारित किया गया है.
इस प्रकरण में सहायक शिक्षक पुरुषोत्तम पंडित एवं सुबेश्वर राम का आचरण भी विशेष रूप से अनुचित पाया गया है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने झारखंड सहायक अध्यापक सेवाशर्त नियमावली, 2021 के तहत इसे शिक्षक आचरण के विपरीत एवं गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित शिक्षकों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है.
बीईओ से कहा गया है कि वे इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर कृत कार्रवाई प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधीक्षक-सह-अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना, गढ़वा को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.
