गिरिडीहः गिरिडीह नगर निगम चुनाव के दौरान सोमवार, 23 फरवरी को वार्ड 18 स्थित बूथ के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में मुख्य आरोपी शिवम आजाद को पुलिस ने दुर्गापुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है.
शिवम के अलावा पुलिस ने और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन गिरफ्तारी के साथ ही एक देशी पिस्टल और पांच गोलियां दो खोखा भी बरामद किया है.
शिवम आजाद किसी महानगर में भागने की तैयारी में था. इसी सिलसिले में दुर्गापुर एयरपोर्ट पहुंचा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
शिवम के अलावा अमित विश्वकर्मा, आकाश हाड़ी, मंजीत पासवान, और किशोर पासवान को गिरफ्तार किया है. शिवम के खिलाफ पुलिस में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
गिरिडीह के एसपी डॉ विमल और डीसी रामनिवास यादव ने मीडिया को उनकी गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी है.
इस गोलीकांड में दो लोग घायल हो गये थे. उनमें से एक घायल शमीम की मौत बुधवार को इलाज के दौरान हो गयी. शव के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है.
दूसरे घायल का इलाज अब भी धनबाद के एसएनएमएमसीएच में चल रहा है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चैताडीह रोड और गिरिडीह-पचंबा मार्ग को जाम कर दिया था.
इधर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एसआईटी गठित की थी. पुलिस की तीन टीमें बंगाल, बिहार और झारखंड के कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही थीं.
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शिवम आजाद का एक सहयोगी आसनसोल में छिपा है. मंगलवार को लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया गया. उससे पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने दुर्गापुर एयरपोर्ट पर दबिश दी और शिवम आजाद को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, लोकेशन ट्रेस होने की आशंका के कारण उसने पहले टिकट नहीं लिया था और अंतिम समय में टिकट लेने की योजना बना रहा था.
पचंबा क्षेत्र के भंडारीडीह आजाद नगर में हुए गोलीकांड में प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह प्राथमिकी भंडारीडीह में दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त सह सदर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी महेश भगत के आवेदन पर पूर्व वार्ड पार्षद शिवम आजाद व अन्य अज्ञात के विरुद्ध पचंबा थाने में दर्ज की गई है.
