रांची: गणतंत्र दिवस के मौके पर झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परेड की सलामी ली और राष्ट्रीय ध्वज फहराया.
समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों के द्वारा झांकियां प्रदर्शित की गई. जिसमें झारखंड की संस्कृति, राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य और शिक्षा की झलकियां दिखाई गईं.
इस अवसर पर राज्यपाल ने अपने संबोधन में झारखण्ड विकास कार्यों और उलपब्धियों की चर्चा की. उन्होंने कहा कि झारखंड प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है. राज्य में अवसरों की कोई कमी नहीं है. आधारभूत संरचना, ऊर्जा क्षेत्र, उद्योग-धंधों में विस्तार, निवेश, शिक्षा एवं स्वास्थ्य, कृषि के क्षेत्र में नये सुधारों को लागू करने में राज्य निरंतर आगे बढ़ रहा है.
राज्यपाल ने लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा,“गणतंत्र दिवस हम सभी के लिए अपने राष्ट्र और अपनी सम्प्रभुता का गौरवगान करने का दिन है. आज स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद करने का दिन है, जिन्होंने अपने त्याग और बलिदान से हमें आजादी दिलाई और इस गौरवशाली गणतंत्र का निर्माण किया.”
उन्होंने कहा कि हमारा संविधान अतीत के अनुभवों, वर्तमान की जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रख कर बनाया गया, दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है. 76 वर्षों का यह सफर बताता है कि हम एक सफलतम् लोकतांत्रिक गणतंत्र के रूप में स्थापित हो चुके हैं.
राज्यपाल ने भारत सरकार द्वारा दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने पर खुशी जाहिर की और केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया.
इस मौके पर राज्यपाल ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए किए जा रहे कार्यों की चर्चा की.
उन्होंने कहा कि राज्य में पेसा नियमावली लागू कर दिया गया है, जो जनजातियों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा.
मोरहाबादी मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में भारतीय सेना सीआईएसएफ. सीआरपीएफ. आईटीबीपी, झारखंड जगुआर जैप1, जैप 2, डीएपी. (पुरुष) डीएपी. (महिला) एसएसबी छत्तीसगढ़ पुलिस, जैपपी.-10 (महिला बटालियन) होमगार्ड व एनसीसी की प्लाटून ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया. जबकि सेना, जैप 1, होमगार्ड, जैप-10 की महिला बैंड की गूंज ने सुंदर अनुभूति प्रदान की.
उधर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों में भी गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है.
