हजारीबागः लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा से मंगलवार की देर रात तीन कैदी सुरक्षा घेरे को भेदते हुए फरार हो गए हैं. घटना के बाद जेल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. जांच के लिए कई अधिकारी हजारीबाग जेल पहुंचे हैं.
जेल अधीक्षक चंद्रशेखर सुमन ने तीन कैदियों के फरार होने की पुष्टि की है. फरार तीनों कैदी संगीन अपराध के जुर्म में जेल में बंद थे और वे धनबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाशी में जुटी है.
इस घटना से राज्य की हाई सिक्योरिटी जेलों में एक हजारीबाग केंद्रीय कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
भागने वाले कैदी जेल के चार नंबर गुमटी के सामने से कपड़े के टुकड़ों से बने एक रस्सी के सहारे फरार हुए है. जानकारी के मुताबिक पहले उन्होंने शौचालय की खिड़की में लगे लोहे के रॉड को तोड़ा और फिर रस्सी के सहारे ऊंची चहारदीवारी फांदकर भाग गए. हालांकि घटना को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है.
हजारीबाग जेल की सुरक्षा व्यवस्था को हाल के दिनों में और भी अधिक दुरूस्त किया गया था. जेल आईजी ने पिछले दिनों जेल के अंदर की व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े एक मामले में कार्रवाई करते हुए 12 सुरक्षाकर्मियों को तत्काल प्रभावित निलंबित कर दिया था.
