हजारीबागः हजारीबाग जिले के पेलावल ओपी थाना क्षेत्र के गदोखर गांव में रामनवमी जुलूस के दौरान मामूली विवाद में एक युवक की भुजाली मारकर हत्या कर दी गई है.
इस घटना को लेकर गांव के लोगों में रोष है. मृतक का नाम रामकुमार साव उर्फ रमा साव है, जो गदोखर पंचायत के मुखिया नारायण साव के भाई हैं.
हत्या का आरोप गांव के ही दो युवकों पर है, जो जुलूस में शामिल थे. पुलिस घटना की जांच कर रही है. रमा साव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है. हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद भी अस्पताल पहुंचे हैं. पोस्टमार्टम में देरी होने पर प्रदीप प्रसाद कुछ देर के लिए धरने पर बैठ गए.
स्थानीय लोगों ने बताया है कि गांव से रामनवमी का जुलूस निकला था. आरोपी दोनों युवक दौरान एक वाहन के बोनट पर चढ़कर नाच रहे थे. रामा साव ने उन्हें नीचे उतरने को कहा. इसी बात पर बहस हो गई. इसी दौरान दोनों युवकों ने रामा साव पर भुजाली से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस हमले से जुलूस में अफरा-तफरी मच गई. दोनों युवक वहां से फरार हो गए.
हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी रंजिश चल रही थी. और रमा साव को जान से मारने की धमकी मिली थी.
