हजारीबागः रामनवमी जुलूस के दौरान गोदखर निवासी राम कुमार साव की हत्या के आरोप में तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
हजारीबाग के एएसपी अमित कुमार ने बताया है कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के कारण रामकुमार साव पर चाकू से हमला किया गया.
पुलिस ने वह धारदार हथियार भी बरामद किया है. इस घटना की जांच के लिए एक एसआईटी गठित की गई थी. पुलिस ने करण कुमार यादव, अरुण यादव और नितेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जुलूस के दौरान करण यादव डीजे पर चढ़कर नाच रहा था. उसी दौरान राम कुमार साव ने उसे डीजे से नीचे उतरने और संयम बरतने को कहा. करण यादव ने गुस्से में आकर रामकुमार साव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमला इतना अचानक और खतरनाक था कि रामकुमार साव को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी करण यादव मौके से फरार हो गया और सीधा अपने घर पहुंचा. जांच में खुलासा हुआ कि उसके इस अपराध में उसके करीबी दोस्त नीतेश कुमार यादव उर्फ छोटा डॉन और उसके पिता अरुण यादव ने भी साथ दिया. तीनों ने मिलकर आरोपी को भगाने और हत्या में इस्तेमाल हथियार को छिपाने की कोशिश की थी.
पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर मुख्य आरोपी करण यादव और उसके साथी नीतेश कुमार यादव को कंडसार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया.
बता दें कि घटना के बाद इलाके में तनाव हो गया है, लेकिन पुलिस ने हालात को नियंत्रण में बताते हुए अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है. प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है.
