हजारीबागः हजारीबाग में मंगला जुलूस को लेकर हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया.
एसपी ने कहा है कि हाजरीबाग का रामनवमी काफी भव्य होता है. लिहाजा पुलिस को अभी से अलर्ट कर दिया या है.
सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर हजारीबाग में पहली बार प्रशासन ने मॉक ड्रिल भी किया, जिसमें फायरिंग से लेकर लाठीचार्ज और भीड़ को कैसे नियंत्रित किया जाता है इसकी लाइव प्रस्तुति आम जनता के बीच की गई.
शाम 8 बजे से निकलेगा मंगला जुलूस
हजारीबाग में मंगलवार की देर शाम लगभग 8:00 बजे से मंगला जुलूस विभिन्न अखाड़े के सदस्य निकलेंगे. इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जगह-जगह पर राम भक्तों का स्वागत किया जाएगा.
एसपी ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी ऐतिहासिक है और इसकी चर्चा देश के कोने-कोने में है. इसकी भव्यता और सुंदरता बरकरार रहे इसकी जिम्मेवारी हर एक व्यक्ति की है. उन्होंने लोगों से रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाने की अपील की है और कानून नहीं तोड़ने का निर्देश दिया है.
एसपी ने कहा कि मंगला जुलूस और रामनवमी में ऐसा कोई भी गाना ना बजे जिससे दूसरे की भावना को ठेस पहुंचे. यह शहर हम सभी का है. यहां शांति व्यवस्था कायम रखना हर एक व्यक्ति की जिम्मेवारी है.
