हजारीबागः झारखंड में हजारीबाग जिला अंतर्गत उरीमारी ओपी क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी से जुड़े आठ अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने इनके पास से दो इंसास राइफल, एक देसी पिस्टल और लगभग पौने दो सौ गोलियां बरामद की है.
पुलिस को सूचना मिली थी कि उरीमारी ओपी अंतर्गत कोलियरी क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है.
हजारीबाग के एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस की एक विशेष टीम आसवा एवं गुडकुवा गांव के पास पहुंची. तभी उरेज की ओर से एक संदिग्ध सफेद बोलेरो वाहन तेज गति से आता हुआ दिखाई पड़ा. पुलिस की गाड़ी देखकर बोलेरो ने तेजी से अपनी दिशा बदल दी.
पुलिस ने पीछा करना शुरू किया. इस दौरान बोलेरो असंतुलित होकर एक पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
उरीमारी के इंस्पेक्टक रथु उरांव और गिद्दी के थाना प्रभारी राणा भानुप्रताप सिंह ने बताया कि बोलेरो के दुघर्टनाग्रस्त होने पर उसमें सवार अपराधियों ने भागने का प्रयास किया. लेकिन पुलिस ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अपराधियों में सुनील मुंडा, वीरेंद्र मुंडा, सुरेंद्र मुंडा, लालमोहन मुंडा, अनिल मुंडा, रवींद्र गंझू, सत्येंद्र गंझू और संजय मुंडा शामिल हैं. ये सभी लोग बालूमाथ और मेकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
