हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में अफीम के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 20 किलो 500 ग्राम अफीम जब्त की है. इस मामले में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो चतरा के रहने वाले हैं.
सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया है कि हजारीबाग एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में अफीम की तस्करी हो रही है.
सूचना के आलोक में एक एसआईटी का गठन किया गया. गठित टीम ने कोलघटी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया.
चेकिंग के क्रम में कोलघटी क्षेत्र के मालती टांड में एक मोटरसाइकिल पर तीन युवकों को रोका गया. एसआईटी ने उनके पास रखे एक सफेद बोरे की जांच की तो उसमें भारी मात्रा में अफीम रखी हुई थी. जब पुलिस ने जब्त अफीम का वजन किया तो लगभग 20 किलो 500 ग्राम पाया गया.
तीनों गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार, वरूण कुमार और सुदेश यादव शामिल हैं. सभी चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
इस संबंध में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 07/28, के तहत धारा 17(C), 18(C), 21(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
