रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड से 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक बैठक में भाग लेगा.
यह पहला अवसर होगा जब झारखंड का प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे वैश्विक मंच पर भाग लेगा. इस सम्मेलन में विश्व के प्रमुख निवेशक, उद्योगपति एवं गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता होगी.
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 18 से 26 जनवरी 2026 तक दौरे पर रहेगा.
गौरतलब है कि स्विट्जरलैंड का स्की रिजॉर्ट शहर दावोस, 19 से 24 जनवरी 2026 तक विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक की मेजबानी करेगा. इसमें करीब 60 राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुखों सहित 3,000 से अधिक वैश्विक नेता हिस्सा लेंगे. 2026 की वार्षिक बैठक का विषय ‘‘संवाद की भावना’’ होगा.
यूके का दौरा
दावोस के बाद सोरेन के साथ प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (लंदन) का दौरा करेगा. ब्रिटेन प्रवास के दौरान हेमंत सोरेन ब्लावाटनिक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में विशेष व्याख्यान देंगे. वह इस प्रतिष्ठित संस्थान को संबोधित करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री होंगे.
मंगलवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने दोनों दौरे की तैयारियों का जायजा लिया.
निवेश की संभावना
अधिकारियों ने सीएम को बताया कि दावोस में प्रस्तावित बैठकों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक ढांचा, सतत विकास आधारित दृष्टिकोण, पर्यटन क्षमता तथा निवेश की विविध संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा. इस संबंध में विभागीय तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं.
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया गया कि लंदन दौरे के दौरान संस्थागत, शैक्षणिक एवं निवेश-उन्मुख सहयोग, नीति एवं ज्ञान आधारित संवाद, तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद प्रस्तावित हैं। लंदन यात्रा से संबंधित प्रस्तावित बैठकों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई.
रोजगार के अवसर
यह अंतरराष्ट्रीय दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक विकास को गति देने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है. दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम प्रवास के दौरान उद्योगपतियों, निवेशकों एवं संस्थागत प्रतिनिधियों के साथ संवाद के माध्यम से दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निवेश के दृष्टिकोण से राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल का यह अंतरराष्ट्रीय दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य सरकार की ओर से सभी तैयारियाँ समन्वित, प्रभावी एवं सुव्यवस्थित हों.
बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन) वंदना दादेल, मंत्रिमंडल सचिव प्रशांत कुमार समेत कई आला अधिकारी मौजूद थे.
