सरायकेलाः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पौत्र वीर सिंह सोरेन की असामयिक मृत्यु पर दुख साझा करने उनके गांव जिलिंगगोड़ा पहुंचे. उन्होंने चंपाई सोरेन और उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन से मिलकर दुख प्रकट किया और घटना की जानकारी ली. इसके साथ ही वीर सिंह सोरेन के चित्र पर श्रद्धांजलि दी.
गुरुवार को सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित चंपाई सोरेन के पैतृक गांव झीलिंगगोड़ा में पारंपरिक संताली रीति-रिवाजों के साथ वीर सिंह की अंत्येष्टि संपन्न हुई. वीर सोरेन बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्रीमधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा भी चंपाई सोरेन के गांव पहुंचे और परिजनों से मिलकर शोक प्रकट किया.
इससे पहले वीर सोरेन का पार्थिव शरीर जैसे ही जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल से पैतृक निवास पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।.
उनकी अंत्येष्टि में बड़ी तादाद में ग्रामीण और सोरेन के समर्थक शामिल हुए. वीर को चंपाई सोरेन के आवास के समीप बाड़ी में दफनाया गया.
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन अपने पौत्र को खोने के गम में अत्यंत भावुक दिखे, वहीं वीर के पिता बाबूलाल सोरेन की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें डॉक्टरों की देखरेख में रखना पड़ा.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चंपाई सोरेन और बाबूलाल सोरेन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. संताली भाषा में पारिवारिक संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने दुख साझा किया और कहा, “जवान बेटे या पोते को खोना किसी भी परिवार के लिए सबसे बड़ी त्रासदी है. वीर एक होनहार युवक थे और उनका असमय जाना अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने वीर सोरेन की अंत्येष्टि पर पारंपरिक रूप से मिट्टी भी अर्पित की.
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश के मनाली में बुधवार को निधन हो गया था.
21 साल के वीर सोरेन चंपाई सोरेन के पुत्र और बीजेपी नेता बाबूलाल सोरेन के बेटे हैं. वे कुल्लू मनाली दोस्तों के साथ घूमने गए थे. इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी. अस्पताल में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उनका निधन हो गया.
गुरुवार को चंपाई सोरेन कुल्लू पहुंचे थे. इसके बाद रात में उनका शव लाया गया. टाटा मेन हॉस्पिटल के शवगृह में वीर का शव रखा गया था. शुक्रवार को शव उनके पैतृक गांव ले जाया गया.
